

आनंद मोहन झा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : गर्मी शुरू होते ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। ऐसा ही हाल है दमदम नगर पालिका के 22 नंबर वार्ड में रहने वाले लोगों का, खासकर आमतला खाल पर बने पुल के पास। इस इलाके के लोग मच्छरों से खास तौर पर परेशान हैं। आरोप है कि कुछ लोग प्लास्टिक में कचरा भरकर नालों में फेंक देते हैं, जिससे पानी का बहाव धीमा पड़ जाता है और मच्छर आसानी से पनप जाते हैं। प्रतिदिन सुबह या शाम मच्छरों के काटने से लोग परेशान हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, दमदम नगर पालिका द्वारा मच्छरों से निपटने के लिए ब्लीचिंग पाउडर या तेल का छिड़काव किया जाता है, लेकिन नालों में फेंके जाने वाले कचरे के कारण पानी की गति धीमी पड़ रही है और मच्छर पनप रहे हैं। शाम होते ही मच्छरों का आतंक शुरू हो जाता है।
दमदम पालिका के चेयरमैन का बयान :
दमदम नगर पालिका के चेयरमैन हरेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष भर मच्छरों के नियंत्रण के लिए नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर और तेल का छिड़काव किया जाता है। बावजूद इसके, लोगों में जागरूकता नहीं होने के कारण नालों में कचरा फेंका जा रहा है, जिससे मच्छर पनप रहे हैं। हाल ही में नाले की संपूर्ण सफाई की गयी थी, फिर भी समस्या बनी हुई है। नगर पालिका जल्द ही नालों से कचरा निकालकर स्थिति को नियंत्रित करेगी और आम लोगों को मच्छरों के प्रकोप से राहत मिलेगी।