

कोलकाता : दमदम के गोराबाजार स्थित संत रविदास आश्रम प्रांगण में संत शिरोमणि गुरु रविदास का 649वां जन्मोत्सव पूरे श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर आश्रम परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत रविवार सुबह विधिवत पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूजा के उपरांत दोपहर में संत गुरु रविदास की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में झांकियां, भक्ति गीत और जयकारों के साथ दमदम अंचल के सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। श्रद्धालु गुरु रविदास के विचारों और संदेशों को आत्मसात करते हुए पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। शोभायात्रा के समापन के बाद ठाकुर जी का भोग अर्पित किया गया और समाज के सभी वर्गों के लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच से सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए गए, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर दमदम नगर पालिका के चेयरमैन हरेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने गुरु रविदास की अमृतवाणी का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु रविदास न केवल महान भक्त संत और कवि थे, बल्कि समाज सुधारक एवं उच्च कोटि के विचारक भी थे, जिन्होंने समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन आश्रम के सचिव दिलीप कुमार दास ने किया। मौके पर दमदम नगरपालिका की पार्षद मीता चटर्जी, पार्षद शिव प्रसाद यादव, समाजसेवी जितेंद्र साहा (पिक्कू दा), शिक्षक प्रभारी महेंद्र सिंह, शिक्षक आशुतोष कुमार राय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। इसके अलावा कोलकाता और दक्षिण 24 परगना जिले के विभिन्न इलाके में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई।