विदेश में नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी

दुबई में फंसा युवक, पिता ने पुलिस से लगाई गुहार
डायमंड हार्बर एसपी कार्यालय की तस्वीर
डायमंड हार्बर एसपी कार्यालय की तस्वीर
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

डायमंड हार्बर: विदेश में मोटी तनख्वाह वाली नौकरी का सपना दिखाकर एक परिवार के साथ लाखों रुपये की ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। बेटे को दुबई भेजने के लिए एक लाख रुपये लिए गए, लेकिन न तो उसे वादा की गई नौकरी मिली और न ही वह वापस लौट सका। अब युवक को भारत वापस लाने के नाम पर और डेढ़ लाख रुपये की मांग की जा रही है। मजबूर होकर पीड़ित पिता ने पुलिस प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। यह घटना बिष्णुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आमगाछिया पंचायत के उत्तर कस्टमहॉल गांव की है। पीड़ित सुजीत नस्कर का आरोप है कि उनके ही इलाके के रहने वाले एजेंट इंद्रदूल साकी ने उनके बेटे रिशान नस्कर को दुबई के एक अस्पताल में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसी विश्वास में आकर सुजीत नस्कर ने एजेंट को एक लाख रुपये दिए। बीते 14 जनवरी को रिशान को दुबई भेजा गया। परिवार का आरोप है कि दुबई पहुंचते ही हकीकत सामने आ गई। वादा के अनुसार अस्पताल में कोई नौकरी नहीं दी गई। इसके बजाय रिशान को दुबई से दूर एक अन्य इलाके में ले जाकर किसी दूसरी कंपनी में जबरन काम पर लगाने की कोशिश की गई। काम करने में असमर्थ होने पर उसे फिलहाल एक कैंप में बंद कर रखा गया है। बेटे की हालत को लेकर सुजीत नस्कर गहरे सदमे में हैं। उनका कहना है कि रिशान फोन पर बता रहा है कि उसे ठीक से खाना तक नहीं दिया जा रहा है और उसके पास पैसे भी नहीं हैं। वह डर और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। सुजीत नस्कर ने एजेंट से बेटे को वापस लाने की गुहार लगाई, लेकिन एजेंट ने इसके बदले और डेढ़ लाख रुपये की मांग कर दी। कोई अन्य रास्ता न देखकर असहाय पिता ने बिष्णुपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इसके साथ ही डायमंड हार्बर पुलिस अधीक्षक और ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (बीडीओ) को भी पूरे मामले की जानकारी दी गई है। इस संबंध में डायमंड हार्बर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in