

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जोड़ाबागान थाना अंतर्गत काली कृष्णा टैगोर स्ट्रीट स्थित एक इमारत में पड़ोसी के पालतू कुत्ते द्वारा हमला किए जाने से एक दिव्यांग युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के संबंध में पीड़िता की मां ने जोड़ाबागान थाने में शिकायत दर्ज कराई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, के.के टैगोर स्ट्रीट की एक इमारत की पहली मंजिल पर रहने वाली मंजनू पोद्दार ने पुलिस को अपनी लिखित शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह करीब 9 बजे उनकी दिव्यांग बेटी इमारत के कॉमन एरिया में खड़ी थी। इसी दौरान पड़ोसी दीपक रूंगटा के काले रंग के पालतू कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया और कूल्हे पर काट लिया। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि हमले में उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है और उसे तेज बुखार भी आ गया है। उनका कहना है कि पड़ोसियों द्वारा बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद आरोपी अपने कुत्तों को नियंत्रित करने या बांधकर रखने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता की मां मंजनू पोद्दार ने पुलिस प्रशासन से घटना का संज्ञान लेने और कुत्ते के मालिक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।