सीएम शुभेंदु अधिकारी को सम्मानित करते डीजी फायर अनुज शर्मा
कोलकाता सिटी
दमकल कर्मियों को भी मिलेगा ‘जीवन रक्षा मेडल’
तारापीठ और न्यू मार्केट के होटल में लगी आग की घटना में लोगों की जान बचाने के लिए मिलेगा पदक
सीएम ने रेड रोड पर आयोजित कार्यक्रम में की घोषणा
1,400 पदों पर जल्द होगी भर्ती
2500 नए पदों का होगा सृजन
दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
पुलिस कर्मियों के तर्ज पर अब दमकल कर्मियों को भी उनके साहस और जान बचाने के लिए ‘जीवन रक्षा मेडल’ से सम्मानित किया जाएगा। बुधवार को रेड रोड पर दमकल विभाग की 226 नई गाड़ियों के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह घोषणा की। उन्होंने हाल में तारापीठ और कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में हुई आग की घटनाओं के दौरान दमकल कर्मियों के बचाव कार्य की सराहना की।मुख्यमंत्री ने कहा कि बीरभूम के तारापीठ स्थित लॉज और कोलकाता के न्यू मार्केट के एक होटल में हुई आग की घटनाओं में जिन लोगों की मौत हुई, उनकी जान धुएं के कारण दम घुटने से गई। दोनों घटनाओं में दमकल कर्मियों ने काफी दक्षता और तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित दमकल कर्मियों को उनके साहसिक कार्य के लिए ‘जीवन रक्षा मेडल’ दिए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
पुलिस भर्ती बोर्ड के जरिए नियुक्ति
दमकल विभाग में कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर भर्ती की भी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस भर्ती बोर्ड के माध्यम से जल्द ही 1,400 दमकल कर्मियों की भर्ती की जाएगी। इनमें से 1,000 कर्मियों की नियुक्ति अगले एक वर्ष के भीतर करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा अगले कुछ साल में 2400 नए पदों का सृजन कर उसपर नियुक्ति करने की घोषणा भी को गई।
226 नई गाड़ियां अग्निशमन केंद्रों को
कार्यक्रम में दमकल विभाग की 226 नई गाड़ियों का उद्घाटन किया गया। कुल 94 करोड़ रुपये की लागत से वाहनों को खरीदा गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन वाहनों को राज्य के विभिन्न दमकल केंद्रों तक सुचारु और व्यवस्थित तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि आधुनिक वाहनों और पर्याप्त संख्या में कर्मियों की उपलब्धता से आपात स्थिति में दमकल विभाग की प्रतिक्रिया क्षमता को और मजबूत किया जा सकेगा।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि नई गाड़ियों का इस्तेमाल संबंधित क्षेत्रों की जरूरत के अनुसार प्रभावी ढंग से हो और अग्निशमन सेवाओं में किसी तरह की कमी न रहे। इस मौके पर मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल, मंत्री अग्निमित्रा पाल, मंत्री शंकर घोष, मंत्री अर्जुन सिंह, दमकल मंत्री कौशिक चौधरी, डीजीपी फायर अनुज शर्मा, दमकल विभाग के प्रमुख सचिव खलील अहमद सहित अन्य गण्यमान्य उपस्थित थे।

