

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जिले में रसोई गैस के सिलेंडरों की किल्लत और हाहाकार के मचने के बाद दक्षिण 24 परगना जिलाधिकारी अरविंद कुमार मीणा के नेतृत्व में एलपीजी सिलेंडरों के भंडारण और उनके उचित वितरण को लेकर एक अहम बैठक की गई। इस बैठक में अतिरिक्त जिलाधिकारी (भूमि अधिग्रहण), अतिरिक्त जिलाधिकारी (सामान्य), सभी उप-विभागीय अधिकारी तथा तीनों पुलिस जिलों के पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। इसके अलावा बीपीसीएल, एचपीसीएल और आईओसीएल के सेल्स अधिकारी तथा दक्षिण 24 परगना जिले के विभिन्न एलपीजी वितरक भी बैठक में उपस्थित रहे। वर्तमान में एलीपीजी सिलेंडरों के भंडारण और वितरण को लेकर आम जनता के बीच जो आशंका और चिंता का माहौल बना हुआ है, उसे दूर करने तथा एक सुव्यवस्थित वितरण व्यवस्था बनाए रखने की अपील जिला प्रशासन की ओर से की गई। विशेष रूप से मिड डे मील, आईसीडीएस, अस्पताल, घरेलू उपयोग, सुधार गृह, वृद्धाश्रम आदि महत्वपूर्ण स्थानों पर एलपीजी की आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए एलपीजी कंपनियों और वितरकों से अनुरोध किया गया। जिला प्रशासन, पुलिस तथा आरटीओ विभाग सभी मिलकर पूर्ण सहयोग के साथ कार्य करेंगे। लॉजिस्टिक व्यवस्था, वाहनों की निगरानी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि एलपीजी वितरण को लेकर किसी प्रकार की अफवाह या घबराहट का माहौल लोगों के बीच न बने। सभी एलपीजी डीलरों को नियमित रूप से स्टॉक रिकॉर्ड, रजिस्टर, रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन तथा पुलिस को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इस कार्य को करते समय उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई होने पर पुलिस से सहयोग लेने की अपील की गई है।