

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भंवरलाल मल्लावत सेवा केंद्र में दीपावली प्रीति सम्मेलन का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी रामगोपाल सूंघा ने कहा कि अस्वस्थता एक बहुत बड़ा अभिशाप है। लोगों के जीवन की स्वास्थ्य समस्याओं के निदान करने से बड़ा कोई उद्देश्य नहीं होता। पीड़ित मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।
उन्होनें उपस्थित सदस्यों एवं सहयोगियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संस्कृति में तीज-त्योहारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केंद्र के विशिष्ट सहयोगी डॉ• विजय हरभजनका अपनी शारीरिक अस्वस्थता के बावजूद जिस प्रकार से सेवा में लगे हुए हैं, वह सभी के लिए प्रेरणादायी और अनुकरणीय है। इस अवसर पर डॉ• विजय हरभजनका, डॉ• प्रदीप अग्रवाल, डॉ• सुरेश गुप्ता एवं डॉ• सुनीता राठी ने भी अपने विचार साझा किये।
संयोजक अरुण प्रकाश मल्लावत ने उपस्थित लोगों का आभार जताते हुए बताया कि संस्था विगत 27 वर्षों से अनवरत रोगियों की सेवा में लगी हुई है। हमारे केंद्र में एक्यूप्रेशर व एक्युपंक्चर पद्धति के साथ ही कलर थैरेपी द्वारा रोगियों की निःशुल्क चिकित्सा की जाती है। नियमित रुप से चिकित्सा सेवा तथा समय-समय पर एक्युप्रेशर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भी किया जाता है, ताकि लोग इस सेवा कार्य से जुड़े और अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचाया जा सके।
इस अवसर पर केंद्र के संचालन में सहयोगी एवं अन्य विशिष्ठ जन उपस्थित थे जिनमें डॉ. सरिता जायसवाल, डॉ. गीता सिन्हा, लिपिका लुनिया, बिनय कुँवर, दीपक कछवा, अनीता अग्रवाल, विकाश हरभजनका प्रभृति मुख्य रहे।