

कोलकाता : कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित प्रधानमंत्री Narendra Modi की रैली के दौरान एक दिलचस्प और हल्का-फुल्का पल देखने को मिला। सभा समाप्त होने के बाद मंच पर प्रधानमंत्री और भाजपा नेता Dilip Ghosh के बीच हुई बातचीत ने वहां मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के चेहरे पर मुस्कान ला दी। सूत्रों के मुताबिक, दिलीप घोष की शादी करीब एक साल पहले हुई थी और इसी बात को लेकर प्रधानमंत्री ने उनसे मजाकिया अंदाज में मिठाई की मांग कर दी। बताया जाता है कि सभा खत्म होने के बाद जब प्रधानमंत्री मंच पर मौजूद नेताओं से मिल रहे थे, उसी दौरान उन्होंने दिलीप घोष से हाथ मिलाते हुए कहा, “आपने शादी कर ली, लेकिन हमें मिठाई तो नहीं खिलाई। प्रधानमंत्री की यह बात सुनकर दिलीप घोष मुस्कुरा पड़े और थोड़े शर्माते हुए हंसने लगे। उनके आसपास मौजूद अन्य नेता भी इस बातचीत पर हंस पड़े। सूत्रों के अनुसार, दिलीप घोष ने यह भी कहा कि 2026 के चुनाव के वोटों की गिनती के बाद वह मिठाई जरूर खिलाएंगे। गौरतलब है कि हाल के दिनों में दिलीप घोष पार्टी के कई कार्यक्रमों में नजर नहीं आ रहे थे। वह सिंगूर में आयोजित प्रधानमंत्री की जनसभा में भी मौजूद नहीं थे। हालांकि ब्रिगेड की रैली के दिन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अपने परिचित अंदाज में मंच की पहली पंक्ति में बैठे नजर आए।