

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए डायमंड हार्बर पुलिस जिला की ओर से दुर्गा पूजा गाइड मैप का विमोचन किया गया। पुलिस जिला के दो प्रमुख स्थानों—डायमंड हार्बर के दुर्गा मोड़ और महेशतला के बाटा मोड़—पर गाइड मैप विमोचन पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर वर्धन ने किया। इस अवसर पर एसपी ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए करीब 2,000 पुलिसकर्मियों एवं सिविल वॉलंटियर्स को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा, राज्य पुलिस मुख्यालय की ओर से अतिरिक्त होमगार्ड भी उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि डायमंड हार्बर पुलिस जिले के अंतर्गत करीब 2,300 दुर्गा पूजा आयोजित की जा रही हैं।
सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी : पूजा के दौरान जेबकतरों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों तथा यातायात बल को प्रत्येक 100 से 150 मीटर की दूरी पर तैनात किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग आसानी से पुलिस से सहायता ले सकें। यातायात और भीड़ नियंत्रण पर विशेष जोर : पूजा पंडालों के आसपास भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत वॉलंटियर्स को प्रशिक्षित किया गया है, जो श्रद्धालुओं को रास्ता बताने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने और पंडालों तक पहुंचने में उनकी मदद करेंगे। खोए हुए बच्चों की मदद के लिए विशेष आई कार्ड : दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ में बच्चों के बिछड़ने की आशंका को देखते हुए उनकी सुरक्षा के लिए विशेष आई कार्ड की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य बिछड़े हुए बच्चों की पहचान करने और उन्हें सुरक्षित रूप से उनके परिजनों तक पहुंचाने में मदद करना है। पुलिस प्रशासन ने दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवाजाही और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।