

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : चुनावी माहौल के बीच डायमंड हार्बर क्षेत्र में नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार से करीब 9.88 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में दो भाजपा नेताओं को हिरासत में लिया गया है। घटना उस्ती थाना क्षेत्र के हटूगंज मोड़ पर सोमवार की सुबह हुई। पुलिस के अनुसार, नाका चेकिंग के दौरान एक चारपहिया वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर कार में रखे बैग से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। वाहन में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की गई, लेकिन वे इस रकम के संबंध में संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने नकदी और वाहन के साथ दोनों लोगों को हिरासत में ले लिया। बाद में उनकी पहचान अरुणाभ मजुमदार और अक्षय चक्रवर्ती के रूप में हुई। अरुणाभ कोलकाता के आर.के. पाल लेन के और भाजपा की राज्य समिति के सदस्य होने के साथ मगराहाट (पश्चिम) विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी बताए जाते हैं। वहीं, अक्षय चक्रवर्ती दक्षिण 24 परगना के श्रीचंदा तपना क्षेत्र के निवासी हैं और मगराहाट (पश्चिम) विधानसभा के भाजपा संयोजक बताए जा रहे हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी राशि कहां से लाई गई और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था। वाहन चालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वाहन कुलपी की दिशा से आ रहा था। तृणमूल कांग्रेस के नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा पैसे के जरिए वोट खरीदने की कोशिश करती है और यह घटना उसी का उदाहरण है। वहीं, भाजपा नेता सुफल घांटू ने कहा कि बरामद रुपये दोनों भाजपा नेताओं के व्यक्तिगत रुपये हैं। इससे पार्टी का कोई लेना देना नहीं है।