

कोलकाता : बाजे कदमतला घाट पर मंगलवार को देव दीपावली एवं गंगा आरती का भव्य आयोजन किया गया। शाम से शुरू हुए इस कार्यक्रम में दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा। हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। धार्मिक अनुष्ठानों, गंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस विशेष अवसर पर पीएचई एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री अजय कुमार पोद्दार ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन न के बराबर होते थे। अब गंगा नदी के लगभग सभी प्रमुख घाटों पर देव दीपावली का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के प्रति लोगों में काफी उत्साह और आस्था देखने को मिल रही है। कार्यक्रम में समाजसेवी हरिप्रसाद सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर मां गंगा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। गंगा आरती के दौरान पूरा घाट भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। इस मौके पर श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण भी किया गया। इसके अलावा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस भव्य आयोजन का मुख्य आयोजक कोलकाता नगर निगम था। देवोत्तर जय चंडी ठाकुरानी ट्रस्ट ने कार्यक्रम की व्यवस्था संभाली, जबकि कोलकाता पुलिस ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया। देव दीपावली के इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति और परंपरा की खूबसूरत झलक पेश की।