

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ’ब्रायन से बुधवार को कैमक स्ट्रीट स्थित पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय में पिछले सप्ताह हुई हिंसक झड़प के मामले में कोलकाता पुलिस ने साढ़े चार घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। पुलिस के समन पर डेरेक ओ’ब्रायन बुधवार की सुबह करीब 10 बजे शेक्सपियर सरणी थाने पहुंचे। करीब साढ़े चार घंटे की पूछताछ के बाद वह दोपहर लगभग 2:45 बजे थाने से बाहर निकले। इसी मामले में अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित रॉय से भी बुधवार को थाने में पूछताछ की गई। पूर्व केएमसी एमएमआईसी बैश्वानर चट्टोपाध्याय और पूर्व विधायक हुमायूं कबीर को भी नोटिस जारी कर गुरुवार को पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा गया है। दूसरी तरफ, बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार और पुलिस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था की मशीनरी का इस्तेमाल जानबूझकर तृणमूल कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है। सागरिका घोष ने डेरेक ओ’ब्रायन के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए दावा किया कि झड़प के दौरान सांसद को जमीन पर धकेला गया था, इसके बावजूद उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई।