आरजी कर मामले में जूनियर डॉक्टरों से पूछताछ की मांग

निर्मल घोष की गिरफ्तारी पर तृणमूल ने उठाये सवाल
कुणाल घोष
कुणाल घोष
Published on: 

कोलकाता : आरजी कर मामले में पूर्व तृणमूल विधायक निर्मल घोष की गिरफ्तारी के बाद अब तृणमूल कांग्रेस ने 'अभया' के पोस्टमार्टम के दौरान गवाही देने वाले जूनियर डॉक्टरों से भी पूछताछ की मांग की है। तृणमूल का कहना है कि इन डॉक्टरों से पूछताछ होने पर अभया की मौत से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चल सकता है।

तृणमूल नेता कुणाल घोष ने कहा कि यदि निर्मल घोष की गिरफ्तारी जांच के लिहाज से उचित है, तो अभया के पोस्टमार्टम में गवाह रहे जूनियर डॉक्टरों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जाना चाहिए। उनके अनुसार, इन डॉक्टरों को अभया की स्थिति और पोस्टमार्टम से जुड़े घटनाक्रम की अहम जानकारी थी। बाद में इनमें से कई डॉक्टर आरजी कर आंदोलन में भी सक्रिय नजर आए थे।

निर्मल घोष की गिरफ्तारी को लेकर कुणाल घोष ने सीबीआई की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि यदि पूर्व विधायक के खिलाफ गिरफ्तारी के पर्याप्त आधार थे, तो केंद्रीय जांच एजेंसी ने अब तक उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया कि “सीबीआई क्या हाथ पर हाथ धरे बैठी थी?”

कुणाल घोष ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्मल घोष अभी दोषी साबित नहीं हुए हैं और किसी व्यक्ति को दोषी ठहराने का अधिकार अदालत के पास है। उन्होंने पुलिस के सामने निर्मल घोष के साथ कथित व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाया।

तृणमूल की इस मांग के बाद आरजी कर मामले की जांच को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पार्टी का कहना है कि जांच में सभी संबंधित लोगों से समान रूप से पूछताछ होनी चाहिए, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों की पूरी तस्वीर सामने आ सके।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in