विधानसभा भवन के शौचालय से कैंटीन कर्मी का शव बरामद

हेयर स्ट्रीट थाने में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा भवन परिसर में सोमवार सुबह वहां के एक शौचालय से कैंटीन कर्मचारी का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान उमेश चंद्र दास (46) के रूप में हुई है। वह पिछले 15 वर्षों से विधानसभा की कैंटीन में एक ठेका संस्था के तहत अस्थायी कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। घटना की सूचना पाकर मौके पर कोलकाता पुलिस के एडिशनल सीपी क्राइम कुणाल अग्रवाल और डीडी के होमीसाइड विभाग के अधिकारी पहुंचे। प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले हैं।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे उमेश चंद्र दास शौचालय गए थे। इस दौरान उमेश का एक साथी ड्यूटी पर आया। उसने उमेश को पहले कमरे में खोजा लेकिन उसका पता नहीं चला। बाद में काफी देर तक बाथरूम का दरवाजा बंद पाकर व्यक्ति ने बाथरूम की खिड़की से झांका तो उमेश को अचेत अवस्था में पड़ा हुआ पाया। इसके बाद जब दरवाजा तोड़ा गया, तो उमेश शौचालय के फर्श पर अचेत पड़ा पाया गया।

घटना की सूचना तुरंत विधानसभा सचिव, मार्शल और हेयर स्ट्रीट थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे अचेत अवस्था में तत्काल कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हेयर स्ट्रीट थाना पुलिस ने इस मामले में अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि संभवतः अचानक दिल का दौरा पड़ने से यह हादसा हुआ है। हालांकि, मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस की होमिसाइड शाखा की टीम भी जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News