बनबितान में 10 रुपये का दैनिक प्रवेश शुल्क समाप्त

सुबह की सैर करने वालों को मिली बड़ी राहत
Kolkata
बनबितान में प्रवेश शुल्क समाप्त
Published on

कोलकाता : सॉल्ट लेक स्थित लोकप्रिय हरित क्षेत्र बनबितान में सुबह की सैर करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है। वन विभाग ने मॉर्निंग वॉक के लिए आने वाले लोगों से प्रतिदिन लिया जाने वाला 10 रुपये का प्रवेश शुल्क समाप्त करने का निर्णय लिया है।

इस फैसले के बाद अब सुबह सात से दस बजे के निर्धारित समय में टहलने, व्यायाम करने और योग करने आने वाले लोगों को प्रवेश के लिए रविवार से कोई शुल्क नहीं देना होगा। बनबितान लंबे समय से सॉल्ट लेक तथा आसपास के इलाकों के लोगों के लिए मॉर्निंग वॉक, जॉगिंग और योग का प्रमुख केंद्र रहा है।

प्रतिदिन बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, युवा, महिलाएं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग यहां सुबह की सैर के लिए पहुंचते हैं। अब शुल्क समाप्त होने से नियमित रूप से आने वाले लोगों को आर्थिक राहत मिलेगी और अधिक लोग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए यहां आने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

जानकारी के अनुसार, पहले मॉर्निंग वॉक के दौरान प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति से 10 रुपये प्रतिदिन का शुल्क लिया जाता था। स्थानीय लोगों और नियमित आने वालों की ओर से लंबे समय से इस शुल्क को समाप्त करने की मांग की जा रही थी। उनका कहना था कि रोजाना शुल्क देने से नियमित रूप से आने वालों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।

वन विभाग का मानना है कि शुल्क हटाने से नागरिकों को खुले और हरित वातावरण में व्यायाम तथा सैर करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही बनबितान में आने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की भी संभावना है। हालांकि, उद्यान में स्वच्छता बनाए रखने, पौधों और जैव विविधता की सुरक्षा करने तथा परिसर के नियमों का पालन करना सभी आने वालों के लिए अनिवार्य रहेगा।

स्थानीय मॉर्निंग वॉकर्स ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिकों के हित में है। उनका मानना है कि इससे अधिक लोग नियमित रूप से सैर और व्यायाम के लिए बनबितान पहुंचेंगे, जिससे स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा।

वन विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि वे परिसर की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण की रक्षा में सहयोग करें तथा साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखें।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in