

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल की खाड़ी में लगातार चक्रवाती गतिविधियों के कारण दक्षिण बंगाल में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर जारी था। हाल ही में चक्रवात ‘अक्वान’ ओडिशा तट पर गोपालपुर के निकट पहुंचा था, जिसके प्रभाव से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में लगातार बारिश हुई। हालांकि, रविवार सुबह आसमान से बादल छंटने के बाद धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात का अवशिष्ट हिस्सा अब निष्क्रिय हो चुका है और राज्य के मौसम पर उसका कोई विशेष प्रभाव नहीं है।
सोमवार तक छिटपुट बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात का कमजोर अवशेष शनिवार को निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील हो गया था। इसका केंद्र उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के इलाकों में था। रविवार और सोमवार तक दक्षिण बंगाल के कुछ स्थानों पर हल्की और छिटपुट बारिश हो सकती है। हालांकि, मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर बंगाल में भी सोमवार तक सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। मछुआरों के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
तीन दिनों में गिरेगा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। निम्न दबाव का प्रभाव समाप्त होने से उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के प्रवेश का रास्ता साफ हो गया है। इससे मौसम में सर्दी का एहसास बढ़ेगा। रविवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक था। वहीं, शनिवार को अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.8 डिग्री कम था।