चक्रवात ‘अकवान’ का कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में असर, भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

गोपालपुर के पास लैंडफॉल के बाद कमजोर पड़ा तूफान, गहरे अवदाब में तब्दील; सात जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट, जलभराव और बिजली गिरने की आशंका
Kolkata
लैंडफॉल के बाद कमजोर पड़ा तूफान
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। लगातार बारिश के कारण महानगर में जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात ने शुक्रवार को उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट पर गोपालपुर के पास लैंडफॉल किया। सुबह करीब 7:30 बजे शुरू हुई इसकी प्रक्रिया दोपहर एक बजे से पहले पूरी हुई। तट से टकराने के दौरान हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। हालांकि, इसके बाद तूफान कमजोर होकर गहरे अवदाब में बदल गया।

कोलकाता में बारिश से यातायात और विमान सेवाएं प्रभावित

चक्रवात के प्रभाव से कोलकाता में लगातार बारिश हो रही है। गुरुवार से शुरू हुई वर्षा शुक्रवार को और तेज हो गई। इसके चलते कार्यालय जाने वाले लोगों को परेशानी हुई। महानगर के कई इलाकों के साथ सॉल्टलेक और न्यू टाउन में यातायात प्रभावित रहा।

खराब मौसम के कारण कोलकाता एयरपोर्ट पर उड़ानों में देरी हुई, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने कोलकाता, हावड़ा, हुगली और उत्तर 24 परगना समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

सात जिलों में अति भारी बारिश, जलभराव का खतरा

मौसम विभाग ने उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और हावड़ा में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा हो सकती है। कुछ स्थानों पर अचानक जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है।

कोलकाता और हल्दिया बंदरगाह पर स्थानीय चेतावनी संख्या-3 जारी की गई है। मछुआरों को अगले 24 घंटे समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में बारिश की तीव्रता घटने के बाद 24 से 27 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News