

कोलकाता : कोलकाता एयरपोर्ट पर 7 अप्रैल 2026 को कस्टम अधिकारियों ने एक बड़ी वन्यजीव तस्करी का खुलासा किया। बैंकॉक से आई फ्लाइट TG313 से पहुंचे एक लावारिस ट्रॉली बैग की जांच के दौरान यह मामला सामने आया। अजीत कुमार, अतिरिक्त आयुक्त, कोलकाता एयरपोर्ट ने बताया कि कस्टम विभाग को बैग में संदिग्ध सामग्री होने का संदेह हुआ, जिसके बाद स्निफर डॉग (K9) की मदद से बैग की जांच की गई। यह बैग एयरलाइन स्टाफ द्वारा कस्टम अधिकारियों को सौंपा गया था। बाद में इसे एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) के कमरे में स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में खोला गया।
जांच के दौरान बैग में छिपाकर रखे गए दो प्लास्टिक कंटेनरों से जीवित वन्यजीव बरामद हुए। Wildlife Crime Control Bureau और पशु क्वारंटाइन अधिकारियों के सहयोग से की गई विस्तृत जांच में 2 सदर्न व्हाइट-चीक्ड गिब्बन, 15 वुड टर्टल और 10 फोर-आइड टर्टल की पहचान की गई।
ये सभी प्रजातियां CITES और Wildlife Protection Act 1972 के तहत संरक्षित हैं। अवैध तरीके से छिपाकर और बिना आवश्यक अनुमति के आयात किए जाने के कारण इन जानवरों को कस्टम एक्ट 1962 की धारा 110 के तहत जब्त किया गया।
विशेषज्ञों की सलाह पर इन सभी जानवरों को सुरक्षित रूप से उनके मूल देश वापस भेज दिया गया है।
कस्टम अधिकारियों ने संबंधित यात्री के पते पर भी जांच की, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। बताया जा रहा है कि आरोपी बैग छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल उसकी तलाश जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।