

कोलकाता : श्री पहाड़ी माता सेवा ट्रस्ट की ओर से रविवार को अलीपुर में श्री पहाड़ी माताजी का द्वादशम् वार्षिकोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। काजड़िया, माधोगढ़िया, नक्कीपुरिया, टीकमानी, छापड़िया और केजरीवाल सहित विभिन्न परिवारों की कुलदेवी पहाड़ी माताजी के भव्य दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सपरिवार पहुंचे।
आयोजन के दौरान भक्तों ने माता के दर्शन कर ज्योत ग्रहण की और छप्पन भोग अर्पित किया। सुविख्यात पाठ गायक सौरभ-केशव मधुकर की अगुवाई में महिमा शक्ति पाठ हुआ। इसके बाद मंदसौर की अधिष्ठा व अनुष्का तथा कोलकाता के रवि बेरीवाल ने भजनों की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय बना दिया।
पूरे आयोजन के दौरान जय पहाड़ी मां के जयकारे गूंजते रहे। समापन से पूर्व आयोजित चुनड़ी महोत्सव में श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे। महानगर के कई गणमान्य लोगों ने भी माता के दरबार में हाजिरी लगाई। आरती और प्रसाद वितरण के साथ समारोह संपन्न हुआ।