

बारुईपुर : सुंदरवन क्षेत्र के गोसाबा प्रखंड में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दत्ता नदी में मछली पकड़ने गए एक मछुआरे पर मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया। यह दर्दनाक घटना गुरुवार दोपहर को घटी। लाहिड़ीपुर पंचायत अंतर्गत ट्राइबलीघेरी के पास स्थित दत्ता नदी में 50 वर्षीय सुनील मंडल मछली पकड़ने गया था। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे सुनील मंडल जब नदी किनारे जाल डाल रहा था, उसी समय एक विशाल मगरमच्छ ने अचानक पीछे से हमला कर दिया और उसे जबड़े में दबोचकर नदी के गहरे पानी में खींच ले गया। घटना के समय पास ही में मौजूद एक अन्य मछुआरा साधन मंडल ने यह भयावह दृश्य देखा। वह तुरंत अपनी नाव से सुनील को बचाने के लिए आगे बढ़ा और काफी प्रयास किया, लेकिन मगरमच्छ के चंगुल से उसे छुड़ाना संभव नहीं हो पाया। घटना की सूचना मिलते ही सुंदरवन तटीय थाना की पुलिस, वन विभाग के अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मछुआरे का कोई पता नहीं चल सका था। बताया जा रहा है कि सुनील मंडल का परिवार पीढ़ियों से मछली और केकड़ा पकड़कर जीवन यापन करता आया है। वह सुंदरवन के खतरनाक इलाकों में मछली पकड़ने का जोखिम उठाता था, क्योंकि यही उनका मुख्य आजीविका स्रोत है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि सुंदरवन के इन खतरनाक जल क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को और अधिक मजबूत किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। गौरतलब है कि सुंदरवन क्षेत्र में मगरमच्छ और बाघों द्वारा मछुआरों पर हमले की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। इस घटना ने एक बार फिर वहां के मछुआरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक मछुआरे का कोई सुराग नहीं मिल जाता, तलाशी अभियान जारी रहेगा।