फ्लाइट में हंगामा : क्रू और यात्री ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप

indigo_plane
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मंगलवार तड़के इंडिगो की फ्लाइट 6E 6517 (दिल्ली से कोलकाता) में एक विवाद खड़ा हो गया, जिसमें क्रू मेंबर्स और एक यात्री (पेशे से वकील) ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दर्ज करवाईं। यह विवाद फ्लाइट में धार्मिक नारा लगाने, शराब पीने और अन्य यात्रियों को भड़काने को लेकर हुआ, जब विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर तीन घंटे तक पार्किंग बे में खड़ा था।

क्रू का आरोप :
एक एयर होस्टेस ने अपनी शिकायत में कहा कि 31D सीट पर बैठा यात्री नशे में था और ‘हर हर महादेव’ का नारा लगाने के लिए अन्य यात्रियों को उकसा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि वह देरी के दौरान विमान से उतरना चाहता था और बाद में अन्य यात्रियों को विरोध के लिए भड़काया। उड़ान के बाद, वह एक सॉफ्ट ड्रिंक की बोतल छुपाए हुए पाया गया, जिससे शराब की गंध आ रही थी। जब क्रू ने उससे सवाल किया तो उसने जल्दी से उसे पी लिया। क्रू ने उसे चेतावनी दी कि अगर ऐसा व्यवहार जारी रहा तो उसे विमान से उतार दिया जाएगा। फ्लाइट के कोलकाता पहुंचने पर उसे सुरक्षा के हवाले कर दिया गया।

यात्री (वकील) की सफाई :
यात्री ने इन आरोपों से इनकार किया और काउंटर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि उन्होंने 'हर हर महादेव' कहकर क्रू का अभिवादन किया, जिसका किसी को आहत करने का कोई इरादा नहीं था। उनका कहना है कि उन्होंने फ्लाइट में शराब नहीं पी, बल्कि बोर्डिंग से पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर एक बीयर ली थी, जिसकी रसीद भी उनके पास है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फ्लाइट में तीन घंटे तक यात्रियों को बिना पायलट के बैठाए रखा गया और इस दौरान कोई खाना नहीं दिया गया। वकील का आरोप है कि जब उन्होंने और अन्य यात्रियों ने इस स्थिति को लेकर सवाल किए और वीडियो रिकॉर्डिंग की, तो क्रू ने उन्हें झूठे आरोपों से डराया और धमकाया। उन्होंने करीब ₹4.8 लाख के आर्थिक नुकसान का दावा किया है और क्रू के दो सदस्यों पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप भी लगाया।

IndiGo का बयान :
इंडिगो के एक अधिकारी ने कहा कि क्रू की जानकारी के अनुसार यात्री 'अनुशासनहीन' और 'नशे में' था। यात्री की शिकायत पर भी कंपनी जांच कर रही है।

पुलिस जांच में जुटी :
बिधाननगर पुलिस ने कहा, "हमें दोनों पक्षों से शिकायतें मिली हैं और हम मामले की जांच कर रहे हैं।" यह फ्लाइट शाम 7:30 बजे उड़ान भरने वाली थी, लेकिन 10:27 बजे रवाना हुई और देर रात 1:09 बजे कोलकाता पहुंची।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in