रक्तदान व्यवस्था में अनियमितता पर सख्ती, 11 ब्लड बैंक जांच के दायरे में

रक्तदान व्यवस्था में अनियमितता पर सख्ती, 11 ब्लड बैंक जांच के दायरे में
Kolkata
ब्लड बैंकों पर कसा शिकंजा
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के 11 ब्लड बैंकों को अगले आदेश तक रक्तदान शिविर आयोजित करने से रोक दिया है। यह कार्रवाई रक्त संग्रह और संचालन में गंभीर अनियमितताओं के आरोपों की जांच के दौरान की गई है।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने तक संबंधित ब्लड बैंक राज्य में कहीं भी बाहरी रक्तदान शिविर नहीं लगा सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इन ब्लड बैंकों के खिलाफ कई गंभीर आरोप सामने आए हैं।

इनमें पश्चिम बंगाल में एकत्र किए गए रक्त और प्लाज्मा को कथित रूप से दूसरे राज्यों में पैसे लेकर भेजना, रक्त संग्रह से जुड़े नियमों का उल्लंघन करना तथा आवश्यक प्रशासनिक अनुमति के बिना रक्तदान शिविर आयोजित करना शामिल है। इन आरोपों की जांच राज्य रक्त संक्रमण परिषद (State Blood Transfusion Council) कर रही है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध केवल बाहरी रक्तदान शिविरों के आयोजन पर लागू होगा। संबंधित ब्लड बैंक अपने परिसरों के भीतर रक्त संग्रह और अन्य नियमित सेवाएं जारी रख सकेंगे, लेकिन इसके लिए प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा सभी निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा।

सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कोलकाता और विभिन्न जिलों में कई स्थानों पर छापेमारी की थी। जांच के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए और कई वित्तीय तथा प्रशासनिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की गई। शुरुआती जांच में नियमों के उल्लंघन के संकेत मिलने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने राज्य रक्त संक्रमण परिषद को निर्देश दिया है कि वह राज्य में रक्त के बड़े लेन-देन और रक्त संग्रह की गतिविधियों पर विशेष नजर रखे।

अधिकारियों का कहना है कि रक्तदान जैसी संवेदनशील व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता या व्यावसायिक दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in