

दुर्गापुर : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मानव तस्करी और फर्जी पासपोर्ट के जरिए लोगों को पश्चिम एशियाई देशों में भेजने वाले कथित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को दुर्गापुर के न्यू स्टील पार्क इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
आरोपी की पहचान गोलाम जमा के रूप में हुई है। एनआईए की टीम ने दुर्गापुर के वार्ड संख्या 13 स्थित उसके घर पर करीब तीन घंटे तक तलाशी और पूछताछ की, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
विदेश भेजने के नाम पर मानव तस्करी का संदेह
एनआईए के अनुसार, गोलाम जमा पर ऐसे नेटवर्क से जुड़े होने का संदेह है, जो संविदा आधारित रोजगार का झांसा देकर श्रमिकों को फर्जी पासपोर्ट के माध्यम से पश्चिम एशियाई देशों में भेजता था। जांच एजेंसी इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि विदेश जाने वाले लोगों के लिए फर्जी यात्रा दस्तावेजों की व्यवस्था कैसे की जाती थी।
कार्रवाई के दौरान कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई हैं। एनआईए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है, इसलिए फिलहाल अधिक जानकारी साझा करना उचित नहीं होगा।
ट्रैवल एजेंसी से जुड़ने के बाद बढ़ा नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि गोलाम जमा मूल रूप से छत्तीसगढ़ का निवासी है। करीब चार वर्ष पहले उसने दुर्गापुर की एक महिला से विवाह किया था और तब से वह अपनी पत्नी तथा दो बेटों के साथ न्यू स्टील पार्क में रह रहा था।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक वह पहले छत्तीसगढ़ में एक टायर की दुकान पर काम करता था, लेकिन बाद में एक ट्रैवल एजेंसी से जुड़ गया। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इसी ट्रैवल एजेंसी की आड़ में मानव तस्करी का अवैध नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गोलाम जमा का पड़ोसियों से बहुत कम संपर्क था और वह अक्सर मलयेशिया तथा सऊदी अरब की यात्राएं करता था। हालांकि उसकी विदेश यात्राओं का उद्देश्य की किसी को जानकारी नहीं थी।
सोमवार को तलाशी अभियान के दौरान एनआईए अधिकारियों ने उसकी पत्नी से भी पूछताछ की, जबकि पूरे अभियान के दौरान पुलिस ने घर के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।