

कोलकाता : महानगर में कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए कोलकाता पुलिस ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। गुरुवार रात शहर के 10 डिवीजनों के 109 महत्वपूर्ण क्रॉसिंग पर एक साथ नाका चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार ने स्वयं धर्मतला के केसी दास क्रॉसिंग पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस आयुक्त ने बताया कि यह कोई विशेष अभियान नहीं, बल्कि नियमित पुलिसिंग का हिस्सा है। हालांकि, नियमित गश्त के साथ-साथ ‘ऑन रोड पुलिसिंग’ (ओआरपी) की नई पहल भी शुरू की गई है। इसके तहत ओसी, डीसी और एसी रैंक के अधिकारी सप्ताह के अलग-अलग दिनों और समय पर प्रमुख सड़कों पर संयुक्त रूप से तैनात रहकर हालात की निगरानी कर रहे हैं। साथ ही सप्ताह में एक-दो दिन औचक निरीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।सुप्रतिम सरकार ने कहा, ‘यह रूटीन पुलिसिंग है। लेकिन ऑन रोड पुलिसिंग नियमित व्यवस्था से अलग एक अतिरिक्त कदम है। एक ही समय में कई वरिष्ठ अधिकारी सड़क पर मौजूद रहते हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी होती है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।” इस बीच गुरुवार सुबह कोलकाता के पासपोर्ट कार्यालय में एक धमकी भरे ईमेल के बाद बम की अफवाह फैल गई थी। इससे पहले मंगलवार को नगर दायरा अदालत में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। पुलिस आयुक्त ने बताया कि हर धमकी भरे ईमेल के मामले में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन किया जाता है। बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला। मामले की जांच स्पेशल टास्क फोर्स को सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच जारी है, इसलिए विस्तृत जानकारी साझा नहीं की जा सकती।