

कोलकाता : गोपाष्टमी के पावन अवसर पर भागवत जन-कल्याण ट्रस्ट की ओर से राजारहाट के पाथेरघाटा स्थित गोपाल गौशाला में भव्य गो-वंदना समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर परम श्रद्धेय भागवत मर्मज्ञ एवं गोभक्त पं. मालीराम शास्त्री ने कहा कि गोमाता की रक्षा केवल संस्थाओं के प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को संकल्पित होकर सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
पं. शास्त्री ने सपरिवार गो-पूजन करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं में गाय का विशेष महत्व है। जन्म से लेकर जीवन के अंतिम संस्कार तक अनेक धार्मिक कार्यों में गोमाता की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने चिंता जताई कि देश में अनेक संस्थाओं के गो-संरक्षण से जुड़े होने के बावजूद गोमाता की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
उन्होंने बच्चों और युवाओं को गोसेवा एवं संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उम्मीद जताई कि पश्चिम बंगाल में गोमाता की सुरक्षा के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। सुबह से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गोभक्तों ने गो-पूजन और सेवा में भाग लिया। संध्याकाल कामधेनु गोमाता की विशेष आरती एवं सामूहिक वंदना के साथ समारोह का समापन हुआ।