रंगदारी मांगने के आरोप में विधाननगर का पार्षद गिरफ्तार

बागुईआटी थाने की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

विधाननगर : बागुईआटी थाना पुलिस ने शुक्रवार को विधाननगर नगर निगम के वार्ड नंबर 9 से तृणमूल कांग्रेस के पार्षद समरेश चक्रवर्ती उर्फ चिंटू को गिरफ्तार कर लिया है। पार्षद पर रंगदारी मांगने, मारपीट और डराने-धमकाने जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, समरेश चक्रवर्ती पर लगभग दो साल पहले एक प्रमोटर के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था। आरोप था कि पार्षद ने प्रमोटर से रंगदारी की मांग की थी और पैसे नहीं देने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की थी। उस समय पुलिस में मामला भी दर्ज हुआ था, लेकिन समरेश लंबे समय तक फरार रहे। बाद में उन्होंने थाने में आत्मसमर्पण किया और अग्रिम जमानत ले ली थी।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जमानत मिलने के बाद भी पार्षद की दबंगई कम नहीं हुई थी। हाल ही में उनके खिलाफ जबरन वसूली के नए आरोप सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए एक नयी एफआईआर दर्ज की। शुक्रवार को पुलिस की टीम ने सीधे उनके आवास पर छापेमारी की और उन्हें हिरासत में ले लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वर्तमान मामले के साथ-साथ उनके खिलाफ लंबित पुराने आपराधिक मामलों को भी इस केस से जोड़ दिया गया है। गौरतलब है कि इलाके में पार्षद के खिलाफ लंबे समय से जनता का आक्रोश था। हालिया राजनीतिक बदलाव और प्रशासन की सख्ती के बाद पुलिस ने यह कदम उठाया है। फिलहाल उन्हें अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in