ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के नाम पर दंपति से 37.50 लाख की ठगी

फूलबागान थाने में शिकायत दर्ज
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : ऑनलाइन निवेश के नाम पर उच्च रिटर्न का झांसा देकर कोलकाता के एक दंपति से 37.50 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता मनीषा सोमानी (34 वर्ष) और उनके पति अंकित सोमानी ने इस बाबत फूलबागान पुलिस स्टेशन के प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी है।

मैसेज से शुरू हुआ ठगी का खेल

शिकायत के अनुसार, ठगी की शुरुआत 29 जनवरी 2026 को हुई, जब मनीषा सोमानी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से निवेश का लिंक प्राप्त हुआ। लिंक पर क्लिक करने के बाद जालसाजों ने फोन कर दावा किया कि 1 लाख रुपये के निवेश पर एक महीने के भीतर 10% रिटर्न दिया जाएगा। इसके बाद 30 जनवरी को दंपति ने 50,000 और निवेश किए। जालसाजों ने एक फर्जी इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म पर उनका प्रारंभिक 1.50 लाख का निवेश बढ़ाकर लगभग 1.90 लाख रुपये दिखाया। इससे दंपति को योजना के वास्तविक होने का विश्वास हो गया। इसके बाद दोगुने मुनाफे और उच्च रिटर्न का लालच देकर आरोपियों ने यूपीआई और बैंक ट्रांसफर के जरिए कई किस्तों में रकम ट्रांसफर करवाई। इस प्रकार दंपत्ति से कुल 37.50 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।

रकम मांगने पर मिली धमकी

अगस्त 2026 के पहले सप्ताह में जब दंपति ने अपने पैसे वापस निकालने की मांग की, तो जालसाजों ने इनकार कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने धमकी दी कि यदि पुलिस या किसी अन्य प्राधिकारी के पास शिकायत की गई, तो उनका पूरा पैसा जब्त कर लिया जाएगा। इसके बाद दंपत्ति को साइबर धोखाधड़ी का अहसास हुआ। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है ।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in