

कोलकाता: महानगर में खराब सड़क व्यवस्था का असर अब शहर के अहम फ्लाईओवरों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सियालदह फ्लाईओवर की जर्जर हालत को लेकर कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल मरम्मत की मांग उठाई है।
बिगड़ती स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कोलकाता मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (KMDA) को आधिकारिक पत्र भेजकर फ्लाईओवर की सड़क पर तुरंत इमरजेंसी रिपेयर कराने की अपील की है। यह पत्र सियालदह ट्रैफिक गार्ड की ओर से तैयार किया गया और डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) के कार्यालय से भेजा गया।
पत्र में फ्लाईओवर की सड़क और सतह पर गंभीर टूट-फूट का जिक्र किया गया है। कई जगहों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ चुकी है और खुला कंक्रीट नजर आ रहा है। फ्लाईओवर के बड़े हिस्से में गहरे गड्ढे और बेहद ऊबड़-खाबड़ सतह वाहन चालकों के लिए परेशानी और दुर्घटना का खतरा बढ़ा रही है।
कॉलेज स्ट्रीट की ओर जाने वाले हिस्से में सड़क की हालत खास तौर पर खराब बताई गई है। सेंट्रल कोलकाता के इस बेहद व्यस्त ट्रांजिट रूट पर खराब सड़क का सीधा असर ट्रैफिक की रफ्तार पर पड़ रहा है।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, जर्जर सड़क के कारण पीक आवर्स में फ्लाईओवर पर वाहनों की औसत गति करीब 4 किलोमीटर प्रति घंटे तक कम हो गई है। ऐसे में पुलिस ने KMDA से बिना देरी किए जरूरी मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की है।