

कोलकाता : ज्योति नगर कॉलोनी में बेदखली नोटिस जारी किये जाने तथा पेयजल व स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं के बाधित होने को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने कोलकाता नगर निगम से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने निगम की प्रशासक एवं म्युनिसिपल कमिश्नर स्मिता पांडे को पत्र भेजा है।
पत्र में दावा किया गया है कि कोस्सीपुर-बेलगाछिया विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 स्थित ज्योति नगर कॉलोनी के बड़ी संख्या में निवासियों को कथित तौर पर अवैध कब्जेदार बताते हुए बेदखली नोटिस दिया गया है।
कांग्रेस के अनुसार, कई निवासियों के पास वोटर कार्ड, आधार कार्ड समेत उनकी पहचान और लंबे समय से वहां रहने से संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं। ऐसे में किसी भी तरह की कार्रवाई से पहले मामले की कानूनी और मानवीय पहलुओं से जांच की मांग की गयी है।
वहीं, कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट सेवा बंद होने पर कांग्रेस ने चिंता जतायी है। पत्र में कहा गया है कि मानसून के दौरान स्ट्रीट लाइट नहीं होने से दुर्घटना और आपराधिक घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।
कांग्रेस ने 48 घंटे के भीतर दोनों सेवाएं बहाल करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गयी है।