बागेश्वर धाम के पोस्टर विवाद में कांग्रेस नेताओं से पूछताछ

भवानीपुर थाने में डेढ़ घंटे चली पूछताछ
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

इंटाली में यूट्यूबर के खिलाफ भी प्राथमिकी

कोलकाता : बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तस्वीरों वाले पोस्टरों के विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में पुलिस ने दो कांग्रेस नेताओं से पूछताछ की। रविवार को पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं आशुतोष चटर्जी और प्रदीप प्रसाद को भवानीपुर थाने बुलाकर करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ की गयी। गौरतलब है कि हाल ही में कांग्रेस समर्थकों ने धीरेंद्र शास्त्री के पोस्टरों पर जूते मारे थे, जिसे लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया था। पुलिस ने इस मामले में दो दिन पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।

धार्मिक भावनाएं आहत करने का सवाल

थाने से बाहर आने के बाद कांग्रेस नेता आशुतोष चटर्जी ने कहा, ‘एसीपी और भवानीपुर थाने के अधिकारियों ने हमसे डेढ़ घंटे तक सवाल-जवाब किए। पुलिस का कहना था कि हमारे प्रदर्शन से कुछ लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। जब हमने उनसे पूछा कि बागेश्वर बाबा के बयानों से जो करोड़ों बंगालियों की भावनाएं आहत हुई हैं, क्या वह गलत नहीं है, तो अधिकारियों ने विषय ही बदल दिया।’

थाने के बाहर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों का हंगामा

पूछताछ के दौरान भवानीपुर थाने के बाहर माहौल तनावपूर्ण बना रहा। एक तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता नेताओं के समर्थन में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ता भी वहां जमा हो गए और बाबा बागेश्वर के अपमान की कड़ी निंदा की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि थाने से निकलते समय भाजपा समर्थकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि दोनों नेताओं को सुरक्षा के बीच सुरक्षित बाहर निकाला गया।

यूट्यूबर पर एक और प्राथमिकी

इसी विवाद से जुड़ी एक अन्य घटना में, इंटाली पुलिस स्टेशन में एक यूट्यूबर के खिलाफ नया मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने यूट्यूब पर एक वीडियो जारी कर धीरेंद्र शास्त्री और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in