

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भवानीपुर थाना क्षेत्र में कथित तौर पर बाबा की तस्वीर जलाने और उसे जूते से रौंदने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता अतनु दास को गिरफ्तार किया है। भवानीपुर थाने की पुलिस ने उन्हें 11 सितंबर की देर रात रीजेंट पार्क थाना क्षेत्र के के.एम. नस्कर रोड से गिरफ्तार किया।
थाना के सामने हुआ था प्रदर्शन
पुलिस की प्राथमिकी के मुताबिक, 8 सितंबर को दोपहर करीब 12.15 बजे भवानीपुर थाना के सामने प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन का नेतृत्व एफआईआर में नामजद दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप प्रसाद और पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आशुतोष चटर्जी समेत अन्य लोगों ने किया था। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान धीरेंद्र शास्त्री की तस्वीर वाले पोस्टर जलाए गए, उन्हें पैरों से रौंदा गया और जूतों से मारा गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं अपमानजनक टिप्पणियां भी की गईं। जांच एजेंसी का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से एक विशेष समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत होने तथा इलाके में सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हुई।
अतनु दास की गिरफ्तारी के बाद जांच जारी
मामले में प्रदीप प्रसाद, आशुतोष चटर्जी और अतनु दास समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने जांच के दौरान अतनु दास को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अलीपुर अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 14 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।