भवानीपुर में सीएम की सभा बाधित, गुस्से में छोड़ा मंच

ममता ने कहा, अपमान का जवाब वोट से देना होगा
ममता बनर्जी
ममता बनर्जी
Published on

कोलकाता : भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की चुनावी सभा को लेकर चक्रबेड़िया इलाके में शनिवार को माहौल नावपूर्ण हो गया।

भवानीपुर विधानसभा के वार्ड नंबर 70 में ममता बनर्जी की सभा निर्धारित थी। उसी समय पास ही भाजपा उम्मीदवार और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी की भी सभा आयोजित थी। शाम को उड़िया पाड़ा की सभा समाप्त कर ममता बनर्जी चक्रबेड़िया में स्वामी नारायण मंदिर के करीब पहुंचीं, लेकिन मंच पर चढ़ते ही पास में भाजपा की सभा का तेज माइक सुनकर वह नाराज हो गईं।

उन्होंने मंच से फोन पर किसी से बात की और बाद में कहा, “सभी अनुमति लेने के बावजूद ऐसा व्यवहार ठीक नहीं है। यह जबरदस्ती का माहौल बनाया जा रहा है। अगर ऐसा ही चलता रहा, तो मुझे कानूनी कदम उठाना पड़ेगा।”

उन्होंने आगे कहा, “सामने से जानबूझकर शोर किया जा रहा है ताकि मैं सभा न कर सकूं। यह अपमानजनक है। मैं ऐसी अभद्रता का हिस्सा नहीं बन सकती। कृपया मुझे माफ करें, मैं कल यहां रैली करूंगी। यदि संभव हो तो आप मुझे वोट दें और मेरे इस अपमान का जवाब वोट से दें।”

ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा की माइकिंग के कारण उन्हें कुछ ही मिनटों में सभा समाप्त करनी पड़ी। उन्होंने कहा, “चुनाव प्रचार के कुछ नियम, कुछ वसूल होते हैं। अगर वे ऐसा करेंगे, तो जवाब में वैसा ही होगा। यह उचित नहीं है।”

इसके बाद सभा रद्द करते हुए वह गुस्से में मंच छोड़कर चली गईं। उनके जाने के बाद तृणमूल और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प की स्थिति बन गई। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने किसी तरह हालात को नियंत्रित किया।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in