पूर्वी भारत में भारत-चीन व्यापार को नयी दिशा देने की पहल

 कार्यक्रम में चीन के महावाणिज्य दूत शू वेई का स्वागत करते सीएमडीए के अध्यक्ष अमिताभ दस्सानी
कार्यक्रम में चीन के महावाणिज्य दूत शू वेई का स्वागत करते सीएमडीए के अध्यक्ष अमिताभ दस्सानी
Published on

सीएमडीए और चीन महावाणिज्य दूतावास का संयुक्त व्यापारिक सत्र आयोजित

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कलकत्ता मशीनरी डीलर्स एसोसिएशन (सीएमडीए) एवं चीन जनवादी गणराज्य के कोलकाता स्थित महावाणिज्य दूतावास के संयुक्त तत्वावधान में “पूर्वी भारत में भारत-चीन व्यापार विकास” विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चीन के महावाणिज्य दूत शू वेई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत में व्यापार के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं।

सीएमडीए के अध्यक्ष अमिताभ दस्सानी ने कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद व्यापारी वर्ग के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत को नयी दिशा देने और व्यापारिक संभावनाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में व्यापार के लिए सकारात्मक वातावरण बन रहा है तथा वर्तमान समय में चीन मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में विश्व के लिए एक प्रमुख हब बन चुका है। भवानीपुर सीट पर भाजपा की जीत को महत्वपूर्ण संदेश बताते हुए उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में व्यापारी समुदाय के लोग निवास करते हैं।

संस्था के सचिव सुरेंद्र दूगड़ ने बताया कि गत अप्रैल माह में 26 प्रतिनिधियों का दल चीन के कैंटन फेयर में शामिल हुआ था। वहां की आधुनिक तकनीक और उत्पादों को देखने के बाद महसूस हुआ कि पूर्वी भारत के औद्योगिक विकास में चीन की तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने बताया कि संस्था चीन की सीसीपीआईटी के साथ मिलकर कार्य करेगी। इस अवसर पर ‘स्पार्क मैगजीन’ का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में एमओसी मेहुल मेघानी, संस्था के वाइस प्रेसिडेंट कमल दूगड़, टीडीसी के चेयरमैन आदित्य अग्रवाल, सुशील पोद्दार व अन्य उपस्थित रहे। अंत में सचिव सुरेंद्र दूगड़ ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in