

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा में बड़ा इजाफा किया गया है। गृह मंत्रालय ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद अब राज्य से बाहर यात्रा के दौरान उन्हें Z+ श्रेणी की केंद्रीय सुरक्षा देने का फैसला किया है।
इससे पहले अधिकारी को पश्चिम बंगाल से बाहर Z कैटगरी की केंद्रीय सुरक्षा प्राप्त थी, जबकि राज्य के भीतर उन्हें Z+ सुरक्षा दी जा रही थी। नई व्यवस्था के तहत जब भी मुख्यमंत्री राज्य से बाहर यात्रा करेंगे, उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी सीधे केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां संभालेंगी। पहले ऐसी यात्राओं के दौरान बंगाल पुलिस और संबंधित राज्य की स्थानीय प्रशासनिक एजेंसियों के बीच पहले से समन्वय करना पड़ता था। Z+ सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत करीब 22 सुरक्षाकर्मी अधिकारी की सुरक्षा में तैनात रहेंगे। इनमें विशेष रूप से प्रशिक्षित कमांडो के साथ सशस्त्र पुलिसकर्मी भी शामिल होंगे। इसके अलावा, राज्य से बाहर यात्रा के दौरान उन्हें कम से कम एक बुलेटप्रूफ वाहन, पायलट वाहन और एस्कॉर्ट कार उपलब्ध कराई जाएगी। गृह मंत्रालय का यह फैसला शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा जरूरतों के नवीनतम आकलन के बाद लिया गया है।