शनिवार को डायमंड हार्बर दौरे पर सीएम शुभेंदु

अभिषेक के गढ़ में एंट्री से बढ़ी सियासी गर्मी
File Photo
File Photo
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को सियासी हलचल और तेज होने की संभावना है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के डायमंड हार्बर दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री शनिवार को डायमंड हार्बर पहुंचेंगे और वहीं से राज्य के विभिन्न जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ एक वर्चुअल बैठक करेंगे। इस बैठक में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक स्थिति की समीक्षा की जाने की संभावना है।

विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद यह मुख्यमंत्री का पहला डायमंड हार्बर दौरा होगा। खास बात यह है कि 21 मई को टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के प्रभाव वाले फलता विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान होना है। भाजपा अब अपनी सीट संख्या 208 तक पहुंचाने के लिए फलता सीट पर पूरी ताकत झोंक रही है।

मंगलवार को मुख्यमंत्री ने विधाननगर स्थित पार्टी कार्यालय में करीब दो घंटे तक चुनावी रणनीति को लेकर बैठक की। इस बैठक में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बताया जा रहा है कि फलता विधानसभा क्षेत्र में बूथ प्रबंधन, मतदान रणनीति और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई।

उल्लेखनीय है कि अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान फलता के कई बूथों पर ईवीएम में कथित गड़बड़ी और हिंसा के आरोप लगे थे। विपक्षी दलों ने पुनर्मतदान की मांग की थी, जिसके बाद चुनाव आयोग ने पूरे विधानसभा क्षेत्र में दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया।

ऐसे राजनीतिक माहौल में अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक तनातनी के कारण दक्षिण 24 परगना का सियासी माहौल और गर्म हो गया है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in