

डायमंड हार्बर : राज्य की सीएम ममता बनर्जी ने मंगलवार को बीरभूम से वर्चुअली नवनिर्मित डायमंड हार्बर के लाल पोल सेतु का उद्घाटन किया। इस सेतु के उद्घाटन से इलाके के लोगों को काफी सुविधाएं मिलेंगी। इस अवसर पर मौके पर उपस्थित दक्षिण 24 परगना के डीएम सुमित गुप्ता ने कहा कि सीएम ने राज्य के अन्य प्रोजेक्टों के उद्घाटन के साथ ही आज डायमंड हार्बर के लाल पोल सेतु का उद्घाटन किया। आगे उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से इस सेतु का निर्माण किया गया है। इसकी लंबाई 80 मीटर और चौड़ाई 7.5मीटर है। जर्जर पुल को तोड़ कर इसे बनाया गया है। इस सेतु के उद्घाटन से लोगों को काफी सुविधाएं मिलेंगी। डायमंड हार्बर के विधायक पन्नालाल हालदार ने बताया कि सेतु के जर्जर होने के कारण इसे 2021 से बंद कर दिया गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों को आवाजाही करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसके बाद डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी से गुहार लगायी गयी जिसके बाद उन्होंने इस सेतु के निर्माण के लिए पहल की। सेतु के उद्घाटन से डायमंड हार्बर में ट्रैफिक की समस्याएं कम होंगी। इस मौके पर डायमंड हार्बर के विधायक पन्नालाल हालदर, डायमंड हार्बर के पर्यवेक्षक शमीम अहमद, डायमंड हार्बर के एसडीओ अंजन घोष व अन्य अधिकारी मौजूद थे।