डर और दबाव से नहीं चलेगा लोकतंत्र: ममता

सत्यनारायण पार्क से मुख्यमंत्री की हुंकार
ममता बनर्जी
ममता बनर्जी
Published on

प्रसेनजीत

कोलकाता: “लोकतंत्र के उत्सव में जबरदस्ती कब्जा करने की कोशिश क्यों की जा रही है? फैसला लोगों पर छोड़िए! लोकतंत्र को बंधक न बनाएं”—मंगलवार को बड़ाबाजार के सत्यनारायण पार्क में पार्टी उम्मीदवार विजय उपाध्याय के समर्थन में आयोजित सभा से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इन शब्दों के साथ बीजेपी पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की संपत्तियां बेच रही है—एलआईसी, शेल, गेल और रेलवे तक। साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को धमकाया जा रहा है और गिरफ्तार करने की बातें हो रही हैं। ममता बनर्जी ने दावा किया कि राज्य में भारी संख्या में केंद्रीय बल तैनात कर माहौल को डराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उनके हेलीकॉप्टर को उड़ान की अनुमति नहीं दी गई, जबकि प्रधानमंत्री की रैलियों के लिए छूट दी जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि जब वे बैठकों के लिए समय मांगती हैं, तो प्रशासन हिचकिचाता है, जबकि प्रधानमंत्री को प्राथमिकता दी जाती है।

मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग के बाइक प्रतिबंध के फैसले पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों, खासकर कामकाजी वर्ग को भारी परेशानी होगी—“लोग घर कैसे लौटेंगे? काम पर कैसे जाएंगे? अगर यह जुल्म नहीं है, तो और क्या है?” अंत में ममता बनर्जी ने कहा कि अगर बंगाल को कब्जा करने की कोशिश की गई तो “हम दिल्ली तक लड़ेंगे”। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “हिम्मत है तो अकेले मुकाबला करो।” साथ ही उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी दबाव के अपने मत का प्रयोग करें।

बड़ा बाजार से पुराना जुड़ाव

ममता बनर्जी ने कहा कि बड़ा बाजार उनका पुराना इलाका है और वे किसी भी समस्या में सबसे पहले वहीं पहुंचती हैं। उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड की व्यवस्था, एक्सपोर्ट हब का विकास और अन्य कई कार्य किए गए हैं। कोविड और नोटबंदी के समय व्यापारियों को समर्थन देने की बात भी उन्होंने दोहराई।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मुख्य समस्या पुरानी इमारतें हैं, जिनके मरम्मत या पुनर्निर्माण में नगर पालिका सहयोग कर रही है। साथ ही उन्होंने कामगारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। कार्यक्रम में उत्तर कोलकाता इकाई के प्रमुख नेता जैसे सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय, विधायक विवेक गुप्ता, महेश शर्मा, स्वपन बर्मन सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in