

कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बांग्लादेश के भावी प्रधानमंत्री तारिक रहमान को शुभकामना संदेश के साथ बंगाल की मिठाई और फूल भेजे है। यह कदम दो बंगाल के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
दोनों बंगाल के नेताओं के बीच पहले भी घनिष्ठ संबंध रहे हैं। शेख हसीना के प्रधानमंत्री रहने के दौरान ममता और हसीना के व्यक्तिगत संबंध ‘दीदी–बहन’ जैसे रहे हैं। 2024 में राजनीतिक बदलाव और कूटनीतिक कारणों से यह रिश्ता कुछ समय के लिए ठंडा पड़ गया था। तारेक रहमान की बांग्लादेश में जीत के बाद ममता ने उन्हें ‘तारिक भाई’ कहकर बधाई दी और फोन पर भी शुभकामना दी।
अब ममता ने उपहार भेजकर इस रिश्ते को फिर से मधुर बनाने का संकेत दिया है। उपहार कोलकाता स्थित बांग्लादेश उप हाई कमीशन के माध्यम से गुलशन में तारिक के पार्टी कार्यालय पहुंचा। वहां मीडिया सेल के सदस्य आतिकुर रहमान रुमान और अन्य अधिकारी मौजूद थे। तारिक रहमान 17 फरवरी को पदभार ग्रहण करेंगे, जिसमें लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला और विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री भारत सरकार की ओर से प्रतिनिधित्व करेंगे।
खबरों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी ढाका में बंगाल की ओर से प्रतिनिधित्व करने के लिए अपनी किसी करीबी सहयोगी को भेज सकती हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि ममता बनर्जी का यह कदम दोनों बंगाल के बीच पुराने समय की तरह संस्कृति और सौहार्द का आदान-प्रदान बढ़ा सकता है, जैसे पहले गर्मियों में आम और मिठाइयों का आदान-प्रदान होता था।