

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शाम 5 बजे तक करीब 90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जिसे राज्य की राजनीति में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।
इस पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चौरंगी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारी मतदान यह दर्शाता है कि लोग अपने अधिकारों की रक्षा के प्रति जागरूक हैं। उन्होंने दावा किया कि SIR में लगभग 60 लाख में से 32 लाख मतदाताओं के नाम उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के माध्यम से दोबारा जुड़वाए, जबकि ट्रिब्यूनल ऐसा करने में असफल रहा।
ममता बनर्जी ने कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि अधिकार, संपत्ति और पहचान बचाने की लड़ाई है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि वह भविष्य में एनआरसी लागू करने की योजना बना रही है।
उन्होंने डिलिमिटेशन बिल का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि इससे राजनीतिक संतुलन प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि जब यह बिल संसद में अटक गया था, तभी स्पष्ट हो गया था कि सरकार पर जनता का भरोसा कमजोर हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि उस समय प्रधानमंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए था।