

मधुर, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य के कई हिस्सों में डेंगू संक्रमण के मामले सामने आने के बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को स्वास्थ्य भवन में स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। उन्होंने डेंगू के मामलों की जानकारी नहीं छिपाने और नवंबर तक लगातार निगरानी जारी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल राज्य में 148 लोग डेंगू से संक्रमित हैं। अब तक करीब चार हजार मामलों की जानकारी सामने आई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत कम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुखार होने पर लोग सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में मुफ्त डेंगू जांच करा सकेंगे। उन्होंने डॉक्टरों से भी डेंगू की पुष्टि होने पर बिना किसी दबाव के इसकी जानकारी दर्ज करने को कहा।
स्वास्थ्य भवन सूत्रों के अनुसार, डेंगू का प्रकोप आमतौर पर पूजा के बाद तक बना रहता है। इसे देखते हुए नवंबर तक विशेष निगरानी और रोकथाम अभियान जारी रखने का निर्देश दिया गया है। कोलकाता में फिलहाल 12 वार्डों में डेंगू के मरीज मिले हैं, जबकि 61 वार्डों को डेंगू मुक्त बताया गया है। जिलों में मुर्शिदाबाद और नदिया में संक्रमण के मामले सबसे अधिक पाए गए हैं। बैठक में नगर निकायों की भूमिका पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई नगरपालिकाओं में प्रशासक नहीं हैं और कुछ जगहों पर अध्यक्ष सक्रिय रूप से काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने नगर निकायों को विकास और नागरिक सेवाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।