

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में भाई दूज के त्योहार के बीच मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार को कोलकाता समेत राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। इस दौरान तेज हवाएं भी चलीं, जिससे त्योहार की रौनक प्रभावित हुई।
मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के जिलों में भी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में भाई दूज के अवसर पर भाइयों को तिलक लगाने के लिए घर से निकलने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पांच जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज भी को कोलकाता, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों में भी मौसम खराब रह सकता है।
मंगलवार से शुरू हुआ बारिश का दौर गुरुवार तक जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान राज्य के कुछ इलाकों में हल्की और छिटपुट बारिश, जबकि अन्य क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है।
शुक्रवार से साफ होगा मौसम, फिर बढ़ेगी ठंड
दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण वातावरण में जलवाष्प की मात्रा बढ़ गई है। इसके चलते उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं की गति प्रभावित हुई है और राज्य में ठंड का असर फिलहाल कमजोर पड़ गया है। पिछले दो दिनों के दौरान कोलकाता के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार से राज्य में मौसम में बदलाव होने की संभावना है। आसमान साफ होने के साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके परिणामस्वरूप शुक्रवार के बाद पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में एक बार फिर ठंड का प्रभाव बढ़ने का अनुमान है।