

आनंद मोहन, सन्मार्ग संवाददाता
बिधाननगर : उत्तर 24 परगना जिले के दमदम स्थित सेंट स्टीफंस स्कूल में मंगलवार को एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई। स्कूल की चौथी मंजिल की बालकनी से आठवीं कक्षा का एक छात्र नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राओं के बीच दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल छात्र की पहचान तानिस दास के रूप में हुई है। वह सेंट स्टीफंस स्कूल में आठवीं कक्षा का विद्यार्थी है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह रोजाना की तरह वह स्कूल पहुंचा था और अन्य दिनों की तरह नियमित रूप से कक्षाओं में भी शामिल हुआ। लेकिन सुबह करीब 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच, चौथे पीरियड के बाद अचानक यह घटना घट गई। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, छात्र स्कूल की चौथी मंजिल पर स्थित बालकनी में पहुंचा और वहां लगभग चार फीट ऊंची सुरक्षा दीवार को पार कर नीचे छलांग लगा दी। हालांकि, छात्र बालकनी से अचानक कैसे नीचे गिरा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
घटना के बाद स्कूल के अन्य छात्र-छात्राओं ने तुरंत इसकी जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने बिना देरी किए घायल छात्र को इलाज के लिए नागेरबाजार स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, छात्र को स्पाइनल कॉर्ड यानी रीढ़ की हड्डी से जुड़ी गंभीर चोट लगी है। इसके अलावा उसके सिर के पिछले हिस्से में भी गहरी चोट आई है। फिलहाल अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर चौथे पीरियड के बाद ऐसा क्या हुआ कि आठवीं कक्षा के छात्र के साथ यह घटना घट गई? क्या छात्र अचानक संतुलन खोकर नीचे गिरा या उसने जानबूझकर छलांग लगाई? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद दमदम थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस स्कूल परिसर की परिस्थितियों, घटना के समय मौजूद लोगों और स्कूल प्रबंधन की भूमिका सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। स्कूल प्रशासन की ओर से किसी तरह की लापरवाही हुई है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में तनाव तथा चिंता का माहौल है। सभी की निगाहें घायल छात्र की हालत और पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं।