

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: काशीपुर थाना अंतर्गत काशीपुर रोड इलाके में शनिवार की देर असामाजिक तत्वों के एक गुट ने जमकर उत्पात मचाया। इस अचानक हुए हमले में कई स्थानीय निवासी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि क्षेत्र में मौजूद कई वाहनों और व्यक्तिगत संपत्तियों को भारी नुकसान पहुँचाया गया है।
स्थानीय निवासी सोमनाथ सिंह द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बाहरी लोगों के एक समूह ने इलाके में शांति व्यवस्था भंग करने और नुकसान पहुँचाने की मंशा से हमला बोला। आरोपियों ने आते ही निवासियों के वाहनों और सामानों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने और शांत कराने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया।
इस हमले में विनय हेला, उदय नारायण गुप्ता, शिव हरि, आकाश यादव, विशाल गुप्ता, शंभू सिंह, धीरज राम, ठाकुर हरि और सोमनाथ सिंह सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अलावा पीड़ित सोमनाथ सिंह की कार को भी उपद्रवियों ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस अचानक हुई हिंसक घटना के बाद से पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है। स्थानीय निवासियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।