

कोलकाता : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने उत्तर कोलकाता के ‘भारत सभा’ हॉल में प्रस्तावित अपने कार्यक्रम के रद्द होने को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है। सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रंका ने ‘एक्स’ पर दावा किया कि भाजपा नेताओं की कथित धमकी के बाद हॉल में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी गयी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छह अन्य हॉल संचालकों ने ‘‘राज्य की ओर से भारी दबाव’’ का हवाला देते हुए कार्यक्रम की मेजबानी से इनकार कर दिया।
रंका ने दावा किया कि भाजपा सीजेपी की बढ़ती गतिविधियों से ‘‘डरी हुई’’ है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम रद्द होने से संगठन पीछे हटने वाला नहीं है। जल्द ही इससे बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान भी जारी रहेगा। हालांकि, प्रदेश भाजपा के एक नेता ने सीजेपी के आरोपों को ‘‘निराधार और मनगढ़ंत’’ बताते हुए कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास करती है।
सीजेपी ने शेख अब्दुल की मौत और उनके परिवार पर कथित हमले के मामले में चार मांगें रखी हैं। संगठन ने परिवार को सुरक्षा देने, घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा इंदास थाने के पुलिसकर्मियों की भूमिका की अदालत की निगरानी में जांच कराने की मांग की है।
सीजेपी का दावा है कि हमले में 15-20 लोग शामिल थे, लेकिन अब तक केवल चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि 10 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो बांकुड़ा जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने कार्यक्रम रद्द होने को ‘‘लोकतंत्र के लिए शर्मनाक’’ बताते हुए सीजेपी को कार्यक्रम की अनुमति देने की मांग की।