जोड़ासांको डकैती मामले में सिविक वॉलेंटियर सहित तीन गिरफ्तार

कर्मचारी का अपहरण कर की गयी 1 लाख रुपये की लूट
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : जोड़ासांको थाना अंतर्गत मुक्ताराम बाबू स्ट्रीट स्थित एक व्यक्ति से 1 लाख रुपये लूटने के आरोप में पुलिस ने सिविक वॉलेंटियर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम देवाशीष साहा, मसूद अली और सौमेन नस्कर हैं। इनमें से सौमेन कोलकाता माउंटेड पुलिस का सिविकि वॉलेंटियर है। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को दक्षिण 24 परगना के चम्पाहाटी इलाके से पकड़ा है। मंगलवार को सभी को बैंकशाल कोर्ट में पेश करने पर अदालत ने सभी को 1 जून तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। इन सभी से लूट के रुपये को बरामद करने की कोशिश में पुलिस जुटी है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले जोड़ासांको थानांतर्गत मुक्ताराम बाबू स्ट्रीट स्थित दुकान से एक व्यक्ति जब शाम को 15 लाख रुपये लेकर अपने साथी के साथ घर लौट रहा था तभी तीन लोगों ने खुद को पुलिस कर्मी बताकर उसका रास्ता रोका। आरोप है कि इसी दौरान आरोपितों ने अचानक पीड़ित को घेर लिया, उसे जबरदस्ती एक गाड़ी में बिठाया और अपने साथ दूर ले जाकर उससे 1 लाख रुपये लूट लिये। इसके बाद आरोपितों ने पीड़ित को अलीपुर डीएम ऑफिस के बाहर गाड़ी से उतार कर वहां से कार लेकर फरार हो गये। इसकी शिकायत जोड़ासांको थाने में दर्ज होने के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद तस्वीरों की मदद से सभी आरोपितों की पहचान की। इसके बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार को सभी को बैंकशाल कोर्ट में पेश करने पर अदालत ने उन्हें 1 जून तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in