

सोमवार को डेबरा मामले में फिर होगी पूछताछ
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी के पीए सुमित राय से सीआईडी ने लगातार दूसरे दिन पूछताछ की। शनिवार को करीब 10 घंटे और रविवार को लगभग छह घंटे तक पूछताछ के बाद रविवार शाम करीब 6 बजे उन्हें भवानी भवन स्थित सीआईडी कार्यालय से जाने दिया गया। सीआईडी कार्यालय से बाहर निकलते ही पत्रकारों ने सुमित राय से सवाल किए। उनसे पूछा गया कि वह इतने दिनों से कहां थे और जांच एजेंसी के सामने पेश क्यों नहीं हो रहे थे। इस पर उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, ‘मैं सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार ही सब कर रहा हूं। मैं आसपास ही था। इससे ज्यादा कोई टिप्पणी नहीं करूंगा।’ पूर्व तृणमूल विधायक सुजय हाजरा के साथ कथित करोड़ों रुपये के वित्तीय लेन-देन के आरोपों पर सुमित राय ने कहा, ‘सभी आरोप बेबुनियाद हैं। ऐसा कुछ नहीं है।’ उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया तो वह फिर जांच एजेंसी के सामने पेश होंगे। अब सोमवार को सुमित राय को डेबरा से जुड़े जमीन मामले में भी जांच अधिकारियों के सामने पेश होना होगा। इस मामले में उनसे आगे पूछताछ की जाएगी।
कई आरोपों की जांच कर रही CID
सुमित राय पर पूर्व विधायक सुजय हाजरा के साथ कथित वित्तीय लेन-देन, उम्मीदवार बनाए जाने के बदले पैसे लेने और पश्चिम मिदनापुर के जमीन से जुड़े कथित भ्रष्टाचार सहित कई आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, सुमित रॉय ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। सूत्रों के अनुसार, सीआईडी ने सुमित राय को पूछताछ के लिए कई बार तलब किया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और कलकत्ता हाई कोर्ट से राहत हासिल की थी। अदालत के निर्देशों के तहत उन्हें जांच एजेंसी के सामने पेश होना पड़ा। शनिवार को पहली बार भवानी भवन पहुंचे सुमित राय से करीब 10 घंटे तक पूछताछ हुई थी। पूछताछ खत्म होने के बाद वह रात करीब 9 बजे भवानी भवन से निकले और सीधे अभिषेक बनर्जी के आवास पहुंचे। उस समय उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की थी। रविवार को दूसरे दिन करीब छह घंटे की पूछताछ के बाद बाहर निकलने पर उन्होंने पत्रकारों के सवालों का संक्षिप्त जवाब दिया। बताया जा रहा है कि सीआईडी ने इन दो दिनों में उनसे शालबनी जमीन मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की है।