

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति से संबंधित विधानसभा अध्यक्ष को सौंपे गए एक पत्र पर कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले की जांच के सिलसिले में सीआईडी ने तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय से उनके आवास पर पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, शनिवार दोपहर सीआईडी की दो सदस्यीय टीम ने भवानीपुर स्थित चट्टोपाध्याय के आवास पहुंचकर उनसे एक घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की।
हाल के विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद तृणमूल विधायक दल पर नियंत्रण को लेकर राजनीतिक खींचतान के बीच सामने आए इस मामले की जांच में यह अब तक का ताजा घटनाक्रम है। चट्टोपाध्याय ने पूछताछ के बाद पत्रकारों से कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने हस्ताक्षर जालसाजी का आरोप लगाने वालों से भी पूछताछ करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव पर हस्ताक्षर के समय सभी लोग मौजूद थे। गौरतलब है कि यह विवाद ममता बनर्जी गुट द्वारा विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस को सौंपे गए पत्र को लेकर है।
इस पत्र में नेता प्रतिपक्ष के पद के लिए शोभनदेव चट्टोपाध्याय के नाम का प्रस्ताव रखा गया था। पत्र पर तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कथित हस्ताक्षर थे। हालांकि, हस्ताक्षर फर्जी होने के आरोप सामने आने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने इस पत्र को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था।