

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी मंगलवार को एक बार फिर सीआईडी मुख्यालय भवानी भवन पहुंचे, जहां उनसे कथित उकसावे वाली टिप्पणी के मामले में करीब साढ़े छह घंटे तक पूछताछ की गई। शाम करीब साढ़े छह बजे वह भवानी भवन से बाहर निकले। सीआईडी सूत्रों के अनुसार, डायमंड हार्बर से सांसद के लिए सवालों की एक सूची तैयार की गई थी । अधिकारी ने कहा, ‘‘उनसे यह भी पूछा गया कि चुनावी रैलियों के दौरान उनके भड़काऊ बयानों के पीछे क्या मकसद था।’’ सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान सीआईडी अधिकारियों ने बनर्जी को उस सभा का वीडियो फुटेज दिखाया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर वह बयान दिया था। पूछताछ की पूरी प्रक्रिया का दस्तावेजीकरण और उसकी वीडियोग्राफी भी की जा रही है । बनर्जी के खिलाफ कथित भड़काऊ बयानों को लेकर एक महीने पहले एफआईआर दर्ज की गई थी। यह एफआईआर विधाननगर साइबर क्राइम थाने में सामाजिक कार्यकर्ता राजीव सरकार द्वारा पांच मई को दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई थी। आरोप है कि तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव ने चुनाव बाद की हिंसा और मतगणना प्रक्रिया पर भड़काऊ टिप्पणियां की थीं।शिकायतकर्ता का यह भी दावा है कि बनर्जी ने अपनी भड़काऊ टिप्पणियों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा था। उन्होंने बताया कि यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने बनर्जी पर 27 अप्रैल से तीन मई के बीच चुनाव से जुड़े कई कार्यक्रमों के दौरान भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगाया। यहां उल्लेखनीय है कि इससे पहले अभिषेक बनर्जी से सीआईडी और ईडी अलग-अलग मामलों में पूछताछ कर चुकी है। म