

सन्मार्ग संवाददात
कोलकाता : बच्चों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और तकनीकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार, 22 नवंबर को कोलकाता के बिड़ला औद्योगिक एवं प्रौद्योगिकी संग्रहालय में स्ट्रीटस्मार्ट एक्सपो का आयोजन किया गया। इसमें 7 से 12 वर्ष की आयु के 20 बच्चों ने अपने हाथों से तैयार किए गए 20 कार्यशील मॉडल प्रदर्शित कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
स्ट्रीटस्मार्ट क्लब की संस्थापक ऋषा सरावगी की पहल पर आयोजित इस प्रदर्शनी में हाइड्रोलिक जेसीबी डिगर, इलेक्ट्रोमैग्नेटिक क्रेन, मैग्नेटिक कन्वेयर बेल्ट, वर्किंग एलेवेटर, भूकंपरोधी इमारत और रीजेनेरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम जैसे मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे।
मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक तथा आईआईएम कलकत्ता की पूर्व छात्रा ऋषा सराओगी का उद्देश्य बच्चों को किताबी शिक्षा से आगे बढ़ाकर प्रयोग और अनुभव के माध्यम से सीखने का अवसर देना है।
प्रदर्शनी की खास बात यह रही कि बच्चों ने स्वयं अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली समझाई और दर्शकों के सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने हाइड्रोलिक्स, चुंबकीय बल, मोटर, पुली और ऊर्जा रूपांतरण जैसे वैज्ञानिक सिद्धांतों की जानकारी भी साझा की।
ऋषा सरावगी के अनुसार, स्ट्रीटस्मार्ट क्लब का उद्देश्य बच्चों में तार्किक क्षमता, समस्या समाधान और स्वतंत्र रूप से सोचने का आत्मविश्वास विकसित करना है। यह एक्सपो बच्चों की जिज्ञासा, मेहनत और नवाचार की भावना को सामने लाने का प्रभावी मंच बना।