

कोलकाता : महानगर में निर्माणाधीन मकान के लिफ्ट के शॉफ्ट में गिरने से एक तीन साल के बच्चे की मौत हो गयी। घटना इंटाली थानांतर्गत कान्वेंट लेन इलाके की है। लिफ्ट के गड्ढे से बुधवार की रात बच्चे का शव बरामद किया गया। आरोप है कि लिफ्ट के शॉफ्ट को घेरा नहीं गया था, इसके कारण बच्चा उसमें गिर गया।
क्या है पूरा मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार की शाम 4.30 बजे 3 वर्षीय बच्चा अपनी मां के साथ तीन मंजिला मकान की छत पर सूखे कपड़े लाने के लिए गया था। थोड़ी देर बाद बच्चे की मां ने उसे वापस घर भेज दिया। बाद में जब उसकी मां लौटी तो बच्चे को घर से गायब पाया। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का पता नहीं चला तो बिल्डिंग और आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की गयी। जांच के दौरान लिफ्ट के लिए बने शॉफ्ट में लाइट जलाने पर पता चला कि बच्चा उस शाफ्ट के गड्ढे में पड़ा हुआ था। उसे तुरंत उद्धार कर अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत में लिफ्ट का गड्ढा पूरी तरह खुला हुआ था और उसके चारों ओर कोई घेराबंदी तक नहीं की गई थी। इसी लापरवाही के कारण मासूम बच्चे की जान चली गई। घटना को लेकर थाने में किसी प्रकार की शिकायत नहीं दर्ज करायी गयी है। मृतक के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में प्राथमिक तौर पर पता चला कि उसकी मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है।